Welcome to Hindvani Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Hindvani Times
चंदौली

Chakia: हरियाली के संकल्प से गूंजा ग्राम पंचायत पार्क, दर्जनों पौधों से सजा पर्यावरण का उत्सव

पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन व वन विभाग के महा पौधरोपण अभियान के छठे दिन फलदार-छायादार पौधे रोपे गए, संरक्षण का भी लिया गया संकल्प

हरियाली के संकल्प से गूंजा ग्राम पंचायत पार्क, दर्जनों पौधों से सजा पर्यावरण का उत्सव

पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन व वन विभाग के महा पौधरोपण अभियान के छठे दिन फलदार-छायादार पौधे रोपे गए, संरक्षण का भी लिया गया संकल्प

चकिया, चंदौली। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का सशक्त अभियान बनाने की दिशा में पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश के 10 दिवसीय महा पौधरोपण अभियान ने मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया। अभियान के छठे दिन चकिया रेंज, काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के सहयोग से विकास खंड चकिया के हेतिमपुर स्थित प्राचीन जागेश्वरनाथ धाम के समीप ग्राम पंचायत पार्क में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। फलदार एवं छायादार पौधों से पार्क को हरियाली की नई सौगात देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ चकिया रेंज के डिप्टी रेंजर आनंद दूबे एवं भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक कुमार द्विवेदी ने आम और आंवला का पौधा रोपित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने आम, आंवला, जामुन, अमरूद, सागौन समेत दर्जनों पौधे लगाकर उन्हें सुरक्षित रखने और नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।

डिप्टी रेंजर आनंद दूबे ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक संरक्षित करे तो हरियाली का सपना साकार हो सकता है।

भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक कुमार द्विवेदी ने कहा कि पौधरोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित जीवन का निवेश है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में स्थायी जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के सहयोग से चल रहा यह महा पौधरोपण अभियान आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में एडीओ कोऑपरेटिव चतरा श्रीचंद्र, पत्रकार राम आशीष भारती, वन दरोगा अमित यादव, वन रक्षक शिवबक्स, आदित्य सिंह, अमित सिंह, मोहम्मद आजाद, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के बी-टेक द्वितीय वर्ष के छात्र हर्ष वर्मा, रोजगार सेवक गुड्डू, फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अमरदीप गुप्ता, मनोज कुमार, लव सोनकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के सदस्यों ने पौधरोपण कर हरित धरती, सुरक्षित भविष्य का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!