Welcome to Hindvani Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Hindvani Times
Uncategorized

ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग, व्यापार मंडल ने डीएम व अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

कस्बा कमालपुर में बढ़ते भारी वाहनों के आवागमन और जर्जर सड़क व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडल ने मंगलवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग, व्यापार मंडल ने डीएम व अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

कमालपुर, चंदौली। कस्बा कमालपुर में बढ़ते भारी वाहनों के आवागमन और जर्जर सड़क व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडल ने मंगलवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष शंकर प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता को मांग पत्र सौंपकर ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाने और रामरजाई रोड के चौड़ीकरण व नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।

जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अमड़ा–सकलडीहा मार्ग पर दो वर्ष पूर्व कमालपुर कस्बा और सलेमपुर राइस मिल के समीप ट्रक की चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई थी। लेकिन पिछले एक वर्ष से बालू और गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रक दिन और रात दोनों समय तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि सड़क पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। व्यापार मंडल ने सुबह पांच बजे से रात नौ बजे तक कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई।

वहीं व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता राजेश कुमार से मिलकर रामरजाई रोड पर लगभग 800 मीटर सीसी रोड के दोनों किनारों पर बनने वाली पक्की नाली और सड़क चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। इस दौरान अधिशासी अभियंता ने मौके पर कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को बुलाकर निर्माण कार्य शीघ्र और मानक के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता ने कहा कि व्यापार मंडल अध्यक्ष शंकर प्रसाद गुप्ता लगातार पिछले तीन वर्षों से रामरजाई रोड के सुंदरीकरण और मरम्मत की मांग उठाते रहे हैं, जिस पर विभाग गंभीरता से कार्य करा रहा है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि, प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल, महमूद आलम, कोषाध्यक्ष अशोक मौर्या, जिला उपाध्यक्ष राजीव अग्रहरि सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!