करंट हादसे में शहीद हुआ जवान का सपना, राजकीय सम्मान के साथ बीएसएफ जवान आनंद यादव को अंतिम विदाई
धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव का लाल और देश की सरहदों का प्रहरी बीएसएफ जवान आनंद यादव अब इस दुनिया में नहीं रहे। महज 26 वर्ष की उम्र में करंट हादसे ने एक जवान की जिंदगी छीन ली।

करंट हादसे में शहीद हुआ जवान का सपना, राजकीय सम्मान के साथ बीएसएफ जवान आनंद यादव को अंतिम विदाई
कमालपुर, चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव का लाल और देश की सरहदों का प्रहरी बीएसएफ जवान आनंद यादव अब इस दुनिया में नहीं रहे। महज 26 वर्ष की उम्र में करंट हादसे ने एक जवान की जिंदगी छीन ली। शनिवार को गुरैनी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को नम आंखों से अंतिम सलामी दी।
बताया गया कि आनंद यादव वर्ष 2022 में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) में भर्ती हुए थे और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात थे। वह 15 दिन की छुट्टी पर अपने घर करजरा गांव आए हुए थे। शुक्रवार को घर की साफ-सफाई के दौरान टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें धानापुर उप स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे इलाके में मातम छा गया। गांव की गलियां “भारत माता की जय” और “आनंद यादव अमर रहें” के नारों से गूंज उठीं। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों से भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इसके बाद गुरैनी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। पिता रामबचन यादव ने कांपते हाथों से पुत्र को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर मौजूद हर आंख नम हो गई।
अंतिम संस्कार के दौरान बीएसएफ के जवानों ने अपने साथी को सलामी दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। जवान की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और गम का माहौल बना हुआ है।




