शहाबगंज: एक ही हैंडपंप, दो बार रिबोर, सरकारी धन पर डबल डाका, छित्तमपुर गांव का मामला
शहाबगंज विकासखंड के ग्राम पंचायत छित्तमपुर में विकास कार्यों के नाम पर खुलेआम डबल खेल सामने आया है, जहां एक ही हैंडपंप को दो बार रिबोर दिखाकर सरकारी धन की बंदरबांट कर दी गई।

एक ही हैंडपंप, दो बार रिबोर, सरकारी धन पर डबल डाका
चंदौली। शहाबगंज विकासखंड के ग्राम पंचायत छित्तमपुर में विकास कार्यों के नाम पर खुलेआम डबल खेल सामने आया है, जहां एक ही हैंडपंप को दो बार रिबोर दिखाकर सरकारी धन की बंदरबांट कर दी गई। महज 10 दिन के भीतर एक ही कार्य पर दो बार भुगतान यह कोई तकनीकी गलती नहीं, बल्कि सुनियोजित भ्रष्टाचार की कहानी बयां करता है।
जानकारी के अनुसार, जिस हैंडपंप को 31 दिसंबर 2024 को रिबोर दिखाकर 1,96,000 की धनराशि निकाली गई, उसी हैंडपंप को 9 जनवरी 2025 को फिर से रिबोर दिखाकर 1,17,000 और निकाल लिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों भुगतान एक ही फर्म नूर कंस्ट्रक्शन के माध्यम से किए गए।
सवाल यह है कि क्या एक ही हैंडपंप 10 दिन में दो बार खराब हो गया, या फिर कागजों में ही खराबी दिखाकर खजाने पर हाथ साफ किया गया, यह मामला न केवल वित्तीय अनियमितता है, बल्कि पूरे विकास तंत्र की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीनी हकीकत में कोई कार्य नहीं हुआ, जबकि कागजों में लाखों का भुगतान दिखाकर रकम निकाल ली गई। ऐसे में यह साफ है कि बिना मिलीभगत के इस तरह की हेराफेरी संभव नहीं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस डबल घोटाले पर कार्रवाई करेंगे या फिर इसे भी फाइलों में दबा दिया जाएगा, क्षेत्रीय जनता ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि विकास के नाम पर हो रहे इस लूट पर लगाम लग सके।




