भीषण आंधी-तूफान से तबाही, पेड़ गिरने से युवक की मौत
क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। कई गांवों में पेड़ उखड़ गए, मकानों की छतें उड़ गईं और शादी-विवाह के पंडाल धराशायी हो गए। इनायतपुर गांव में पेड़ की डाल गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

भीषण आंधी-तूफान से तबाही, पेड़ गिरने से युवक की मौत
कमालपुर, चंदौली। क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। कई गांवों में पेड़ उखड़ गए, मकानों की छतें उड़ गईं और शादी-विवाह के पंडाल धराशायी हो गए। इनायतपुर गांव में पेड़ की डाल गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
इनायतपुर गांव निवासी लालू राम (35) पुत्र राजकुमार घर के बाहर रखी चारपाई हटाने निकले थे। इसी दौरान तेज तूफान के बीच पास खड़े नीम के पेड़ की डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी, चार पुत्रियों व एक पुत्र को छोड़ गए हैं। सूचना पर पहुंची धीना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, ढोढ़ीया गांव में गुमटी पलटने से अमरदेव राजभर (55) घायल हो गए। इसी गांव के पास सैयदराजा विधायक प्रतिनिधि अन्नू सिंह की कार पर पेड़ गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि वह सुरक्षित बच गए।
ढोढ़ीया गांव के सैफुल इस्लाम खान और तजम्मूल अंसारी के मकानों पर भी पेड़ गिरने से घरों व बाइक को नुकसान पहुंचा। क्षेत्र के कई गांवों में दर्जनों मकानों के करकट उड़ गए। तेज आंधी के चलते शादी समारोहों के पंडाल भी उखड़कर दूर जा गिरे, जिससे आयोजनों में अव्यवस्था फैल गई।
अचानक आए तूफान से ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा और देर रात तक लोग नुकसान का आकलन करते रहे।




