20 मई के भारत बंद को दवा व्यापारियों का समर्थन, कमालपुर में बनी रणनीति
ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) एवं ओसीडीयूपी के आह्वान पर प्रस्तावित 20 मई के राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को लेकर दवा विक्रेता समिति चंदौली इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार देर शाम कमालपुर स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई।

20 मई के भारत बंद को दवा व्यापारियों का समर्थन, कमालपुर में बनी रणनीति
कमालपुर, चंदौली। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) एवं ओसीडीयूपी के आह्वान पर प्रस्तावित 20 मई के राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को लेकर दवा विक्रेता समिति चंदौली इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार देर शाम कमालपुर स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जनपद भर में बंद को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार तक दवा व्यापारियों की मांगों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानों को बंद रखा जाएगा। व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, जीएसटी की 817 अधिसूचना वापस लेने तथा ऑनलाइन माध्यम से नकली दवाओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष जयप्रकाश मौर्य ने कहा कि ऑनलाइन और अवैध दवा बिक्री के कारण पारंपरिक दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही जटिल नियमों और व्यापारियों के उत्पीड़न से दवा कारोबारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं समस्याओं के विरोध में भारत बंद का समर्थन किया जा रहा है।
महामंत्री नवनीत सिंह ने कहा कि यह आंदोलन व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। वहीं संगठन मंत्री विकास सिंह ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री ऑफलाइन कारोबार पर भारी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन माध्यम से बिना डॉक्टर की पर्ची के भी नशीली दवाएं उपलब्ध हो जाती हैं, जबकि ऑफलाइन दवा विक्रेताओं को कई नियमों का पालन करना पड़ता है।
बैठक के दौरान सकलडीहा, चहनिया, धानापुर, शाहिदगांव और कमालपुर क्षेत्र के दवा व्यापारियों से डोर-टू-डोर संपर्क कर आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जयप्रकाश मौर्य, महामंत्री नवनीत सिंह, उपाध्यक्ष आशुतोष शरण, संगठन मंत्री विकास सिंह, नीरज गोस्वामी, संजय सिंह, प्रदीप कुमार, सतीश कुमार, जमीर खान, विपिन अग्रहरि, दादुल अग्रहरि, शुभम अग्रहरि, प्रदीप रस्तोगी, कृष्ण कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी मौजूद रहे।




