121 खोए मोबाइल बरामद, एसपी ने मालिकों को सौंपे, चेहरों पर लौटी मुस्कान
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए खोए व चोरी हुए 121 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 36.30 लाख रुपये बताई जा रही है।

121 खोए मोबाइल बरामद, एसपी ने मालिकों को सौंपे, चेहरों पर लौटी मुस्कान
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए खोए व चोरी हुए 121 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 36.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर पुलिस ने CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल फोन को ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू की। स्वाट व सर्विलांस टीम को इस कार्य में लगाया गया। तकनीकी सहायता और लगातार प्रयास के बाद टीम ने विभिन्न स्थानों से कुल 121 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की।
सोमवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित शिविर में एसपी आकाश पटेल ने अपर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान लोगों ने पुलिस टीम के कार्य की जमकर सराहना की।
थानों के अनुसार बरामदगी
सकलडीहा से सर्वाधिक 47 मोबाइल बरामद हुए। इसके अलावा चंदौली से 21, मुगलसराय से 9, बबुरी से 7, नौगढ़ व धानापुर से 6-6, चकिया से 4, सैयदराजा, धीना व कंदवा से 3-3, चकर्घट्टा व इलिया से 2-2 तथा सर्विलांस सेल से 8 मोबाइल बरामद किए गए।
इनकी रही अहम भूमिका
स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव व सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में टीम के अन्य सदस्यों ने इस अभियान को सफल बनाया।
पुलिस की इस पहल से आमजन में विश्वास बढ़ा है और यह संदेश गया है कि खोए या चोरी हुए मोबाइल वापस मिल सकते हैं, बशर्ते समय रहते उसकी सूचना पुलिस को दी जाए।




