Welcome to Hindvani Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Hindvani Times
चंदौली

सावन मेले की सुरक्षा पर प्रशासन अलर्ट: बाबा जागेश्वर नाथ धाम पहुंचे ASP, CCTV से होगी चौकस निगरानी, महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बाबा जागेश्वर नाथ धाम, हेतिमपुर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तैयारी शुरू कर दी है।

सावन मेले की सुरक्षा पर प्रशासन अलर्ट: बाबा जागेश्वर नाथ धाम में CCTV से होगी चौकस निगरानी, महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

चकिया, चंदौली। सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बाबा जागेश्वर नाथ धाम, हेतिमपुर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में एडिशनल एसपी सतीश शुक्ला ने सोमवार शाम मेला परिसर का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी ने बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया और इसके बाद ग्राम प्रधान राजेश कुमार भारती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों व मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार यादव, चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

एडिशनल एसपी सतीश शुक्ला ने पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में आने वाली महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा स्वयंसेवकों के सहयोग से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कांवरियों के रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को मेला परिसर में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पूरे मेले की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अराजकता या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

मंदिर के महंत एवं प्रबंधक अनूप गिरी ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट भोर तीन बजे खोल दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से स्वयंसेवकों की विशेष टीम दर्शनार्थियों को कतार व्यवस्था, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान समिति अध्यक्ष अरविंद सिंह, भरत माली, आजाद शर्मा, दिनेश मोदनवाल, राजू गिरी, दिनेश बहेलिया, धर्मेंद्र मोदनवाल, श्री विश्वकर्मा, निरधे, भानु, जयप्रकाश पाल एवं राजकुमार अंबुज मोदनवाल सहित मेला समिति के कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सावन मेले में उमड़ने वाली विशाल श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए प्रशासन इस बार सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के हर पहलू पर विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में बाबा जागेश्वर नाथ के दर्शन कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!