शहाबगंज: हाटा में वीबी जीरामजी पर सवाल: 3 कार्यों पर 12 मस्टररोल, 112 मजदूरों की हाजिरी; तालाब खोदाई के नाम पर खेल?
तालाब खोदाई व सफाई कार्य में कागजी मजदूरों के सहारे सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, जांच की उठी मांग

चंदौली। शहाबगंज विकासखंड की हाटा ग्राम पंचायत में वीबी जी राम जी के कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब खोदाई और सफाई के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है। आरोप है कि महज तीन कार्यों के लिए 12 मस्टररोल जारी कर 112 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई है, जबकि मौके पर कार्य और मजदूरों की वास्तविक संख्या पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कागजों में बड़ी संख्या में मजदूरों को कार्यरत दिखाकर सरकारी धन का भुगतान कराने की तैयारी की जा रही है। तालाबों की खोदाई और सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च दर्शाए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति दावों के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संबंधित कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा मस्टररोल, एनएमएमएस फोटो, जॉब कार्ड और भुगतान अभिलेखों का मिलान किया जाए, तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। उनका आरोप है कि सरकारी योजनाओं को कुछ जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत से कमाई का जरिया बनाया जा रहा है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा सरकारी धन के दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।




