आंधी-तूफान का कहर: उजड़े आशियाने, सड़क पर गिरे विशाल पेड़, घंटों से बाधित है आवागमन
बुधवार की शाम करीब 6 बजे आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने जहां गरीबों के आशियाने उजाड़ दिए, वहीं कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ धराशायी हो गए। तेज हवाओं के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आंधी-तूफान का कहर: उजड़े आशियाने, सड़क पर गिरे विशाल पेड़, घंटों से बाधित है आवागमन
चकिया, चंदौली। बुधवार की शाम करीब 6 बजे आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने जहां गरीबों के आशियाने उजाड़ दिए, वहीं कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ धराशायी हो गए। तेज हवाओं के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज तूफान की मार सबसे ज्यादा कच्चे मकानों और झोपड़ियों पर पड़ी। कई गरीब परिवारों की झोपड़ियां उड़ गईं, जिससे उनका सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की सूचना है।
इसी बीच डोडापुर स्थित अहरौरा-चकिया मार्ग पर दो बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवाओं के साथ बारिश लगातार जारी रही, जिससे हालात और गंभीर हो गए। खबर लिखे जाने तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा तथा पेड़ हटाने का कार्य शुरू नहीं हो सका था।
आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए, जबकि किसान भी मौसम की मार से चिंतित दिखे। प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।




