धंसा रेगुलेटर पुल बना मौत का जाल, किसान विकास मंच ने किया उग्र प्रदर्शन
शहाबगंज ब्लॉक के हड़ौरा गांव स्थित केरायगांव ड्रेन पर बना रेगुलेटर पुल धंस जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। शुक्रवार को किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जर्जर पुल को तत्काल ध्वस्त कर नए पुल के निर्माण की मांग उठाई।

धंसा रेगुलेटर पुल बना मौत का जाल, किसान विकास मंच ने किया उग्र प्रदर्शन
चकिया, चंदौली। शहाबगंज ब्लॉक के हड़ौरा गांव स्थित केरायगांव ड्रेन पर बना रेगुलेटर पुल धंस जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। शुक्रवार को किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जर्जर पुल को तत्काल ध्वस्त कर नए पुल के निर्माण की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया गया कि बंधी डिवीजन द्वारा सिंचाई व्यवस्था के लिए केरायगांव ड्रेन पर रेगुलेटर और उसके ऊपर आवागमन हेतु पुल का निर्माण कराया गया था। सैदूपुर से केरायगांव तक जाने वाली लेहरा शाख नहर रोड इसी पुल से होकर गुजरती है। यह मार्ग न केवल हजारों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई का प्रमुख आधार है, बल्कि आसपास के तीस से चालीस गांवों के लोगों के लिए तहसील, ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक पहुंचने का मुख्य रास्ता भी है।
बीस मई की रात भारी वाहनों के दबाव के कारण पुल का एक हिस्सा धंस गया। हादसे की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल लकड़ी और लाल कपड़ा लगाकर लोगों को सतर्क किया। सूचना मिलने पर किसान विकास मंच के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
किसान विकास मंच के मंत्री राम अनंत पांडेय ने कहा कि पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है और अब इसकी मरम्मत नहीं, बल्कि नए सिरे से निर्माण ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण क्षेत्र के लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के इंजीनियर पंकज खेमका से वार्ता कर तत्काल मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पुल बंद हो गया तो न केवल आवागमन बाधित होगा बल्कि सिंचाई व्यवस्था भी ठप पड़ जाएगी, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित होंगी।
किसान विकास मंच के सलाहकार अशोक सिंह ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराते हुए बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र से भी बातचीत की। वहीं प्रधान प्रतिनिधि नित्यानंद ने क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह को स्थिति से अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन में अशोक कुमार सिंह, राम अनंत पांडेय, राम अवध सिंह, नित्यानंद, प्रेमनाथ सिंह, दूधनाथ यादव, अमित कुमार यादव, राम पुकार पांडेय, विनोद खरवार, मुन्ना गुप्ता, अभिषेक कुमार, बुद्धू यादव, प्रदीप गुप्ता, मैनेजर शाह, छोटू मिश्र, राजीव सिंह और जगदीश रावत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




