चकिया: कंपोजिट ग्रांट पर सवाल, हरिपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ सीएम पोर्टल पर शिकायत, जांच की मांग
दो साल की रंगाई-पुताई से लेकर एमडीएम तक की जांच की मांग, शिक्षा विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा

कंपोजिट ग्रांट पर सवाल, प्रधानाध्यापक के खिलाफ सीएम पोर्टल पर शिकायत
दो साल की रंगाई-पुताई से लेकर एमडीएम तक की जांच की मांग, शिक्षा विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा
चकिया, चंदौली। सरकारी धन के इस्तेमाल पर उठे सवालों के बीच हरिपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय का मामला मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कंपोजिट ग्रांट के खर्च, दो वर्षों में हुई रंगाई-पुताई और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में सवाल उठाया गया है कि कंपोजिट ग्रांट की धनराशि किन-किन कार्यों पर खर्च की गई और विद्यालय में पिछले दो वर्षों के दौरान रंगाई-पुताई कब-कब कराई गई, साथ ही प्रतिदिन बदलने वाले एमडीएम के मेन्यू और उसके क्रियान्वयन की भी जांच कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन के खर्च का ब्योरा सामने आना चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
जांच से खुलेगा खर्च का हिसाब
मामले में अब कंपोजिट ग्रांट के अभिलेखों, खर्च के विवरण, रंगाई-पुताई से जुड़े कार्यों और एमडीएम व्यवस्था की जांच अहम होगी। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
वर्जन-
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।




