चंदौली

Chakia: बच्चों के भविष्य वाले स्कूल के निर्माण में खामियां, डीएम ने पकड़ी गड़बड़ी, अभियंताओं को फटकार

गणेशपुर में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण, पिलर और ढांचागत निर्माण में मिलीं कमियां


बच्चों के भविष्य वाले स्कूल के निर्माण में खामियां! डीएम ने पकड़ी गड़बड़ी, अभियंताओं को फटकार

गणेशपुर में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण, पिलर और ढांचागत निर्माण में मिलीं कमियां

दोष सुधारने की चेतावनी, गुणवत्ता से समझौता हुआ तो होगी कार्रवाई

चकिया, चंदौली। बच्चों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखने वाले विद्यालय के निर्माण में ही खामियां सामने आ गईं। चकिया के गणेशपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में कमियां मिलने पर डीएम का तेवर सख्त हो गया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण की गुणवत्ता दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

पिलर में खामी, निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन निर्माण की प्रगति और निर्धारित मानकों की पड़ताल की। मौके पर उपलब्ध सामग्री गुणवत्ता परीक्षण मशीन की कार्यप्रणाली भी परखी। ईंट, सीमेंट और कंक्रीट समेत निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री को मानकों के अनुरूप रखने का निर्देश दिया। जांच में पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में कमियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार करने को कहा।

डीएम की दो टूक, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता में खामी बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को चिह्नित कमियों को तत्काल दूर करने और निर्धारित मानकों के अनुसार ही आगे का निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस प्रोजेक्ट में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। भविष्य में गुणवत्ता में कमी मिली तो संबंधितों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सवाल यह है कि निगरानी के बावजूद निर्माण में खामियां कैसे सामने आईं। अब देखना होगा कि कार्यदायी संस्था कमियों को कितनी तत्परता से दूर करती है और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारी क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!