Chakia: मवेशी चोरी की वारदात नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, चार दबोचे
भभौरा नाका गांव से भाग रहे बदमाशों की चकिया पुलिस व एसओजी ने की घेराबंदी, फायरिंग के बाद पांचवां आरोपी भी गिरफ्तार

मवेशी चोरी की वारदात नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, चार दबोचे
भभौरा नाका गांव से भाग रहे बदमाशों की चकिया पुलिस व एसओजी ने की घेराबंदी, फायरिंग के बाद पांचवां आरोपी भी गिरफ्तार
चकिया, चंदौली। चंदौली पुलिस ने शनिवार को मवेशी चोरी की एक बड़ी वारदात को समय रहते विफल करते हुए पांच बदमाशों के गिरोह को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार साथी मौके से ही गिरफ्तार कर लिए गए। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार 25 जुलाई को कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना चकिया क्षेत्र के भभौरा नाका गांव में नीले रंग की एक मैजिक वाहन से कुछ संदिग्ध लोग मवेशी चोरी की नीयत से पहुंचे थे। ग्रामीणों की आहट मिलने पर आरोपी वाहन लेकर तेजी से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अर्जुन सिंह चकिया, जो पहले से ही एसओजी टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तत्काल सक्रिय हो गए। पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी शुरू की और गरला के आगे संदिग्ध मैजिक वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया।
वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। इसी दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करता हुआ भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस गिरोह के मवेशी चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की आशंका जता रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस वाहन की भी गहन तलाशी और जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत खुलासा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद किया जाएगा। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित मवेशी चोरी की बड़ी घटना टल गई और ग्रामीणों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की।




