जलेबिया मोड़ पर मिर्च लदी पिकअप पलटी, चालक-खलासी बाल-बाल बचे
जलेबिया मोड़ पर मिर्च लदी पिकअप पलटी, चालक-खलासी बाल-बाल बचे
चकिया, चंदौली। शनिवार की शाम नौगढ़ से मिर्च लादकर चकिया की ओर आ रही पिकअप जलेबिया मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि वाहन में सवार चालक और खलासी बाल-बाल बच गए और दोनों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप मिर्च लेकर नौगढ़ की ओर से आ रही थी। जलेबिया मोड़ के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पलट गई। पिकअप में लदी मिर्च सड़क किनारे बिखर गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और चालक व खलासी को वाहन से बाहर निकाला।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोड़ पर वाहनों की गति नियंत्रित नहीं रहने पर अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से मोड़ पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है।



