चकिया: लापरवाही पर सीडीओ का डंडा, सचिव-एडीओ पंचायत का वेतन रोका, नौगढ़-चकिया में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी, आईटीआई हैंडओवर को 15 दिन की मोहलत
विकास कार्यों की रफ्तार और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं नौगढ़ और चकिया क्षेत्र में निकले तो कई जगह व्यवस्था की तस्वीर सामने आ गई।

लापरवाही पर सीडीओ का डंडा, सचिव-एडीओ पंचायत का वेतन रोका
-नौगढ़-चकिया में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी, आईटीआई हैंडओवर को 15 दिन की मोहलत
चंदौली। विकास कार्यों की रफ्तार और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं नौगढ़ और चकिया क्षेत्र में निकले तो कई जगह व्यवस्था की तस्वीर सामने आ गई। कहीं निर्माण कार्य की सुस्ती दिखी तो कहीं सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिली। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जिम्मेदार अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईटीआई तैयार, हैंडओवर में देरी पर नाराजगी
नौगढ़ में नव-निर्मित राजकीय आईटीआई का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने निर्माण की प्रगति देखी। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि भवन का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, लेकिन हैंडओवर की प्रक्रिया अभी लंबित है। इस पर सीडीओ ने सभी औपचारिकताएं पूरी कराकर अगले 10 से 15 दिनों में भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
सीएम कम्पोजिट विद्यालय में मैनपावर बढ़ाने के निर्देश
चकिया के गनेशपुर में निर्माणाधीन सीएम कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने निर्माण की गति और गुणवत्ता परखी। एकेडमिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, बालवाटिका और मिड-डे-मील शेड का कार्य चल रहा था। धीमी गति को देखते हुए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर को मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाने तथा निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
अफसर बने शिक्षक, बच्चों को पढ़ाया गणित
भीषमपुर के कम्पोजिट विद्यालय में निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बच्चों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। इसके बाद कक्षा-1 के बच्चों के बीच पहुंचकर स्वयं गणित पढ़ाया। किचन शेड और विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बीएसए को साफ-सफाई और सभी आवश्यक सुविधाएं मानक के अनुरूप रखने के निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी में किताबों की कमी पर निर्देश
डिजिटल लाइब्रेरी के निरीक्षण में फर्नीचर और एनबीटी की पुस्तकें उपलब्ध मिलीं, जबकि कुछ अन्य पुस्तकें अभी पहुंचनी बाकी थीं। सीडीओ ने डीपीआरओ को शेष पुस्तकें तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पंचायत भवन में पंचायत सहायक राहुल शर्मा द्वारा प्रस्तुत रजिस्टर में सौ से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिए जाने का विवरण दर्ज मिला।
सफाई में लापरवाही पर वेतन रोकने की कार्रवाई
भीषमपुर में पशु अस्पताल के सामने कूड़े का ढेर देखकर सीडीओ का रुख सख्त हो गया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) और एडीओ पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा तत्काल हटवाने और नियमित सफाई के लिए रोस्टर तैयार करने को कहा।
सीडीओ ने बीडीओ और एडीओ पंचायत को एक सप्ताह तक प्रतिदिन सफाई की फोटो भेजकर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर सीडीओ ने केयरटेकर से मानदेय भुगतान की जानकारी ली और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शौचालय को नियमित रूप से खुला रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, बीडीओ, कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




