ज्वेलर्स लूटकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

ज्वेलर्स लूटकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
चकिया (चंदौली)। चकिया पुलिस ने ज्वेलर्स पर जानलेवा हमला कर लूट की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर की गई। पुलिस ने उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए धानापुर थाना क्षेत्र के गुरेनी (पोस्ट डबरिया) निवासी रोहन पांडेय को दिल्ली से गिरफ्तार किया। वह थाना चकिया में दर्ज मुकदमा संख्या 230/2025 में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को नेवाजगंज निवासी ज्वेलर्स जितेंद्र कुमार बैरी बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में फिरोजपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना चकिया में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि रोहन पांडेय फरार चल रहा था।
लगातार तलाश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी शिकारगंज उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा तथा आरक्षी अमित कुमार पटेल शामिल रहे।




