शहाबगंज: सिंगरौल में ‘कागजी मजदूरों’ का खेल! 20 मस्टररोल पर 178 श्रमिक, नाली खुदाई में फर्जीवाड़े का आरोप, जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली कटघरे में

शहाबगंज में ‘कागजी मजदूरों’ का खेल! 20 मस्टररोल पर 178 श्रमिक, नाली खुदाई में फर्जीवाड़े का आरोप
चंदौली। शहाबगंज विकासखंड की सिंगरौल ग्राम पंचायत में वीबी जी राम जी योजना के तहत कराए जा रहे नाली खुदाई कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दो कार्यों के लिए 20 मस्टररोल जारी कर कागजों में 178 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की जा रही है, जबकि मौके पर इतनी संख्या में श्रमिक काम करते दिखाई नहीं देते। आरोप है कि सरकारी धन का दुरुपयोग करने के लिए फर्जी मस्टररोल और कागजी मजदूरों का सहारा लिया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि शिकायतों को दबाया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला केवल सरकारी धन की बंदरबांट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण रोजगार योजनाओं की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।




