राजदरी जलप्रपात में मौत को दावत! प्रतिबंध और पुलिस पहरे के बावजूद युवक बहा, ग्रामीणों ने बचाई जान
नहाने पर रोक के बावजूद पर्यटक उतर रहे पानी में, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

राजदरी जलप्रपात में मौत को दावत! प्रतिबंध और पुलिस पहरे के बावजूद युवक बहा, ग्रामीणों ने बचाई जान
नहाने पर रोक के बावजूद पर्यटक उतर रहे पानी में, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चंदौली। नौगढ़ स्थित प्रसिद्ध राजदरी जलप्रपात पर रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जलप्रपात में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद जलप्रपात पर अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि प्रशासन ने पहले से ही राजदरी जलप्रपात में नहाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात है, इसके बावजूद पर्यटक खुलेआम प्रतिबंध की धज्जियां उड़ाते हुए पानी में उतर रहे हैं। सवाल यह है कि जब मौके पर पुलिस मौजूद है, तो फिर प्रतिबंध का पालन आखिर क्यों नहीं कराया जा रहा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण समय रहते साहस नहीं दिखाते तो युवक की जान जा सकती थी। यह घटना प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। हर वर्ष राजदरी जलप्रपात पर हादसे होने के बावजूद न तो प्रभावी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है और न ही पर्यटकों को सख्ती से रोका जा रहा है।
अब आवश्यकता है कि प्रशासन केवल चेतावनी बोर्ड और पुलिस तैनाती तक सीमित न रहे, बल्कि प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराए। अन्यथा किसी दिन यही लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है।




