नौगढ़ सम्पूर्ण समाधान दिवस: 160 शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने दी चेतावनी—जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को नौगढ़ तहसील सभागार में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

नौगढ़ सम्पूर्ण समाधान दिवस: 160 शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने दी चेतावनी—जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
चंदौली। शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को नौगढ़ तहसील सभागार में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 160 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष जांच के बाद शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्विवाद वरासत सहित राजस्व संबंधी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही सभी विभागों को शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने आवास, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता का सत्यापन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार प्राप्त अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, विकास कार्य, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी नौगढ़, तहसीलदार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का निरीक्षण भी किया और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




