Welcome to Hindvani Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Hindvani Times
चंदौली

मोबाइल पर गूंजा ‘हीट वेव अलर्ट’, अचानक बजने लगे अलार्म तो सहम उठे लोग, चंदौली समेत पूर्वांचल के कई जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी

रविवार को अचानक हजारों मोबाइल फोन पर तेज अलार्म के साथ “हीट वेव अलर्ट” का संदेश पहुंचते ही लोगों में हड़कंप मच गया।

मोबाइल पर गूंजा ‘हीट वेव अलर्ट’, अचानक बजने लगे अलार्म तो सहम उठे लोग

चंदौली समेत पूर्वांचल के कई जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

चंदौली। रविवार को अचानक हजारों मोबाइल फोन पर तेज अलार्म के साथ “हीट वेव अलर्ट” का संदेश पहुंचते ही लोगों में हड़कंप मच गया। चंदौली समेत बांदा, भदोही, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज और वाराणसी के लोगों के मोबाइल एक साथ बज उठे। तेज आवाज में आए आपातकालीन अलर्ट ने कुछ देर के लिए लोगों को डरा दिया। कई लोग इसे किसी बड़े खतरे या आपदा का संकेत समझ बैठे।

दरअसल, मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटों के दौरान भीषण गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए यह इमरजेंसी चेतावनी जारी की गई। मोबाइल स्क्रीन पर गर्मी से बचाव के निर्देश भी दिखाई दिए। अलर्ट मिलते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने स्क्रीनशॉट साझा करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते यह चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई।

तेज धूप और आग उगलती हवाओं के बीच मौसम विभाग की चेतावनी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई, जबकि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की संख्या घटती दिखाई दी। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम कर रहे मजदूरों और बाहर निकलने वाले राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण लू लगने, शरीर में पानी की कमी और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पर्याप्त पानी पीते रहें और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं। अचानक मोबाइल पर गूंजे इस अलर्ट ने यह साफ कर दिया है कि इस बार गर्मी सामान्य नहीं, बल्कि खतरनाक स्तर तक पहुंच चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!