डाक बंगले की छांव में फल-फूल रहा ताड़ी का काला कारोबार, सिंचाई विभाग पर मिलीभगत के गंभीर आरोप
कोतवाली क्षेत्र के लतीफ शाह बांध स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले के ठीक बगल में अवैध ताड़ी का कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। आरके माइनर के पास सरकारी ताड़ के पेड़ों से ताड़ी उतारकर खुलेआम बेचे जाने का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है।

डाक बंगले की छांव में फल-फूल रहा ताड़ी का काला कारोबार, सिंचाई विभाग पर मिलीभगत के गंभीर आरोप
सरकारी पेड़ों से अवैध ताड़ी उतारकर खुलेआम बिक्री, नाबालिग भी चढ़ रहे नशे की गिरफ्त में
चकिया, चंदौली। कोतवाली क्षेत्र के लतीफ शाह बांध स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले के ठीक बगल में अवैध ताड़ी का कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। आरके माइनर के पास सरकारी ताड़ के पेड़ों से ताड़ी उतारकर खुलेआम बेचे जाने का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सिंचाई विभाग हर वर्ष ताड़ के पेड़ों की नीलामी कर राजस्व प्राप्त करता है, लेकिन आरोप है कि नीलामी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से पेड़ों से ताड़ी निकाली जा रही है और अवैध रूप से बेची जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि नाबालिग युवक भी नशे की लत के आगोश में आते जा रहे हैं। शाम होते ही ताड़ी ठिकानों के आसपास युवकों और किशोरों की भीड़ जुटने लगती है, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
लोगों का आरोप है कि सरकारी संपत्ति को निजी कमाई का जरिया बना दिया गया है। विभागीय संरक्षण के चलते अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले पर मौन साधे हुए हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी कर्मचारियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




