चकिया: समाधान दिवस में 87 शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रभारी डीएम व एसपी ने चकिया तहसील में सुनीं फरियादें, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

समाधान दिवस में 87 शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रभारी डीएम व एसपी ने चकिया तहसील में सुनीं फरियादें, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
चकिया (चंदौली)। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायतों के समाधान में हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को समय पर न्याय मिले। उन्होंने निर्देश दिया कि गरीब, असहाय एवं पीड़ित व्यक्तियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच करने के निर्देश भी दिए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व (भूमि विवाद), पुलिस, विद्युत, विकास तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं।
समाधान दिवस की समाप्ति के बाद तहसील परिसर में विशेष पर्यावरण जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उपजिलाधिकारी चकिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, थानाध्यक्ष एवं खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




