चकिया: इंदरपुरवा में खनन माफिया बेलगाम, जेसीबी गरज रही… खनन विभाग मौन!
इंदरपुरवा गांव में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का खेल इस कदर बेलगाम हो चुका है कि मानो कानून नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई हो।
इंदरपुरवा में खनन माफिया बेलगाम, जेसीबी गरज रही… खनन प्रशासन मौन!
चकिया, चंदौली। इंदरपुरवा गांव में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का खेल इस कदर बेलगाम हो चुका है कि मानो कानून नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई हो। दिनदहाड़े जेसीबी मशीन से धरती का सीना चीरा जा रहा है और आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियां धड़ल्ले से मिट्टी ढोने में लगी हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब बिना किसी अनुमति के खुलेआम चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया पूरी तरह सक्रिय हैं और प्रशासन सब कुछ देखकर भी अनजान बना हुआ है। लगातार हो रही खुदाई से न सिर्फ खेतों का अस्तित्व खतरे में है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। धूल और गड्ढों से ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, क्या जिम्मेदार अधिकारी इस खेल से पूरी तरह बेखबर हैं, या फिर सब कुछ मिलीभगत का नतीजा है।
ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन जागता है या फिर यूं ही मौन साधे रहता है।




