रेडक्रास सोसायटी ने तम्बागढ़ अग्निपीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
भारतीय रेडक्रास सोसायटी चंदौली द्वारा तम्बागढ़ गांव में हाल ही में आगजनी से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की गई। खेत में जलाई गई पराली से उठी आग की चपेट में आने से दलित समाज के करीब 20 परिवारों की झोपड़ीनुमा रिहाइश और गृहस्थी जलकर राख हो गई थी।

रेडक्रास सोसायटी ने तम्बागढ़ अग्निपीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
कमालपुर, चंदौली। भारतीय रेडक्रास सोसायटी चंदौली द्वारा तम्बागढ़ गांव में हाल ही में आगजनी से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की गई। खेत में जलाई गई पराली से उठी आग की चपेट में आने से दलित समाज के करीब 20 परिवारों की झोपड़ीनुमा रिहाइश और गृहस्थी जलकर राख हो गई थी।
बताया गया कि आग लगने से मिट्टी व पुआल से बने घरों में रखा अनाज, बिस्तर, बर्तन, कपड़े, चारपाई, साइकिलें, ट्राली सहित अन्य जरूरी सामान नष्ट हो गया था। पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं।
इसी को देखते हुए रेडक्रास सोसायटी के सभापति अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों को आटा, चावल, दाल, हल्दी, नमक, मसाला, गुड़, तेल, साबुन, चना समेत दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर उपसभापति महेंद्र सिंह ने कहा कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही सच्ची मानवता है। सचिव डॉ. एसके यादव ने कहा कि रेडक्रास संस्था हमेशा आपदा और संकट के समय लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है।
राहत वितरण कार्यक्रम में डॉ. आरके शर्मा, सुरेश अकेला, सुनील यादव सहित संस्था के कई सदस्य, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।



