Chakia: मनरेगा में बड़ा खेल! बिकापुर में 132 ‘कागजी मजदूरों’ के सहारे सरकारी धन पर डाका, BDO साहब ने कहा होगी कार्रवाई
स्थानीय विकासखंड के बिकापुर ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

मनरेगा में ‘कागजी मजदूरों’ का खेल! बिकापुर में 132 श्रमिकों की हाजिरी पर उठे सवाल, बिना काम निकाले जा रहे मस्टररोल
चकिया, चंदौली। स्थानीय विकासखंड के बिकापुर ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि बिना वास्तविक कार्य कराए ही मस्टररोल भरे जा रहे हैं और ऐसे लोगों के नाम पर भी हाजिरी दर्ज की जा रही है जो मौके पर काम ही नहीं कर रहे।
ग्रामीणों के अनुसार पीडब्ल्यूडी सड़क से झारखंडी के खेत तक मिट्टी कार्य कागजों में दर्शाया गया है, जबकि स्थल पर कार्य की स्थिति रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती। आरोप है कि तीन कार्यों के लिए कुल 15 मस्टररोल जारी किए गए हैं, जिनमें 132 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज है, लेकिन वास्तविक श्रमिकों की संख्या इससे काफी कम बताई जा रही है।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला होगा, बल्कि जरूरतमंद मजदूरों के अधिकारों पर भी सीधा प्रहार माना जाएगा। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अब निगाहें जांच पर टिकी हैं कि प्रशासन इन आरोपों की तह तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति उजागर करता है या नहीं।




