भक्ति में सराबोर खरौझा गांव, भव्य कलश यात्रा से गूंजा राम नाम

भक्ति में सराबोर खरौझा गांव, भव्य कलश यात्रा से गूंजा राम नाम
नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, सैकड़ों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था
इलिया। क्षेत्र के खरौझा गांव में रविवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।श्रीराम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नवदिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर ग्रामीणों ने भव्य कलश यात्रा निकालकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सुबह की पहली किरण के साथ ही गांव का दुर्गा मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और हर ओर भक्ति का उल्लास छा गया।कलश यात्रा दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए हनुमान मंदिर तक पहुंची। भक्ति गीतों की मधुर धुन पर झूमते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा गांव राममय हो उठा हो और हर हृदय में भक्ति की सरिता प्रवाहित हो रही हो।
आयोजन समिति के अनुसार 26 अप्रैल से 4 मई तक चलने वाली इस नवदिवसीय श्रीराम कथा का वाचन प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक काशी की प्रसिद्ध कथावाचिका मानस मयूरी शालिनी त्रिपाठी के मुखारविंद से किया जाएगा। कथा श्रवण के लिए क्षेत्र सहित दूर-दराज से श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजन सिंह सहित पताली सिंह, पप्पू पांडेय, अजय कुमार, मनोज मौर्य, अंकित सिंह, राहुल दुबे, प्रियंका सिंह, गीता सिंह, रूद्रप्रिया सिंह, मीरा सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।




