Chakia: शिकायतों के बाद मुड़हुआ दक्षिणी स्कूल पहुंचे बीईओ, प्रधानाध्यापक को नोटिस, निरीक्षण में शिक्षक कक्षाओं में मिले, लगातार शिकायतों पर मांगा गया जवाब

शिकायतों के बाद मुड़हुआ दक्षिणी स्कूल पहुंचे बीईओ, प्रधानाध्यापक को नोटिस
निरीक्षण में शिक्षक कक्षाओं में मिले, लगातार शिकायतों पर मांगा गया जवाब
चकिया, चंदौली। मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों ने आखिरकार शिक्षा विभाग का ध्यान खींच लिया। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षण कार्य का जायजा लिया। वहीं लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीईओ के निरीक्षण के दौरान शिक्षक कक्षाओं में पढ़ाते हुए मिले। हालांकि, विभाग के सामने सबसे बड़ा सवाल यह रहा कि यदि विद्यालय में शिक्षण कार्य व्यवस्थित है तो फिर लगातार शिकायतें क्यों पहुंच रही हैं। इसी को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में सामने आई खामियों और शिकायतों की जांच की।
खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल ने बताया कि विद्यालय का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान शिक्षक कक्षाओं में शिक्षण कार्य करते मिले। विद्यालय से संबंधित खामियों की भी जांच की गई है। लगातार शिकायतें प्राप्त होने के कारण प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
अब निगाह प्रधानाध्यापक के स्पष्टीकरण पर टिकी है। सवाल यह भी है कि शिकायतों का आधार क्या रहा और विद्यालय की वास्तविक स्थिति क्या है। विभागीय जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।




