Chakia: विद्यालय में पढ़ाई छोड़ गपशप, जांच के आदेश, मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की लापरवाही का मामला तूल पकड़ा, बीएसए ने बीईओ को सौंपी जांच

विद्यालय में पढ़ाई छोड़ गपशप, जांच के आदेश
मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की लापरवाही का मामला तूल पकड़ा, बीएसए ने बीईओ को सौंपी जांच
चकिया। मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कथित लापरवाही का मामला अब अधिकारियों की चौखट तक पहुंच गया है। आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के बजाय प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक सुनील पटेल समेत अन्य शिक्षक कार्यालय में बैठकर गपशप करते नजर आए। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने मंगलवार को प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी चकिया अजीत पाल को जांच के निर्देश दिए हैं। बीईओ ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। बुधवार को टीम विद्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच करेगी। जांच में शिक्षकों की मौजूदगी, विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों और लगाए गए आरोपों की हकीकत देखी जाएगी।
सवाल यह है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, वे ही यदि कक्षा छोड़कर कार्यालय में समय गुजारेंगे तो पढ़ाई का जिम्मा कौन संभालेगा, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में विभागीय निगरानी की व्यवस्था के बावजूद ऐसी शिकायतें सामने आना भी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने कहा कि लापरवाही करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों को दूर-दराज के गांवों में स्थित विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों व लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।




