बिजली विभाग की मनमानी पर भड़का इनायतपुर: 100 KVA हटाकर 63 KVA लगाने पर बवाल, 18 घंटे अंधेरे में रहे सैकड़ों घर, धरने पर बैठे ग्रामीण
बिजली विभाग की लापरवाही और मनमानी का एक और मामला सामने आया है, जहां इनायतपुर गांव में बिना किसी सूचना के 100 केवीए का ट्रांसफार्मर हटाकर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया।

बिजली विभाग की मनमानी पर भड़का इनायतपुर: 100 KVA हटाकर 63 KVA लगाने पर बवाल, 18 घंटे अंधेरे में रहे सैकड़ों घर
कमालपुर, चंदौली। बिजली विभाग की लापरवाही और मनमानी का एक और मामला सामने आया है, जहां इनायतपुर गांव में बिना किसी सूचना के 100 केवीए का ट्रांसफार्मर हटाकर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया। इस फैसले से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया और मामला हंगामे तक पहुंच गया।
शुक्रवार को अवर अभियंता दाल चन्द द्वारा गांव का 100 केवीए ट्रांसफार्मर उतारकर कहीं और भेज दिया गया, जबकि उसकी जगह कम क्षमता वाला 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगा दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि इस बदलाव की कोई पूर्व सूचना ग्रामीणों को नहीं दी गई। जब लोगों ने इसका विरोध किया और अवर अभियंता से जवाब मांगा, तो वे कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब करीब 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। भीषण गर्मी में बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में पावर हाउस पहुंच गए और शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए।
धरने की सूचना मिलते ही एसडीओ सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे। वहीं सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने प्रतिनिधि अन्नू सिंह को मौके पर भेजा। अधिकारियों पर बढ़ते दबाव के बाद आनन-फानन में बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई।
एसडीओ सुधीर कुमार ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि 29 अप्रैल की शाम तक पुनः 100 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा। इसके बाद ही ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
धरने में जलील अंसारी, सतीश मौर्य, धर्मेन्द्र तिवारी, राम अवतार, मुन्ना राजभर, कैलाश राजभर, जगदीश, बबलू, बीरेंद्र गोंड, नीरज, शिव प्रकाश विश्वकर्मा समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।




