चंदौली

शहाबगंज: एकौना गांव में 194 मजदूर आनलाइन खोद रहे नाली, जमीन पर सन्नाटा, निगरानी तंत्र सवालों के घेरे में…

एकौना में ‘ऑनलाइन मजदूरों’ से खुदाई, धरातल पर नाली गायब!

एकौना में ‘ऑनलाइन मजदूरों’ से खुदाई, धरातल पर नाली गायब!

जी राम जी योजना में कागजी खेल का आरोप

छह कार्यों पर 23 मस्टररोल और 194 मजदूरों की हाजिरी

मौके पर एक भी श्रमिक नहीं होने का दावा

शहाबगंज , चंदौली। सरकारी पोर्टल पर मजदूरों की फौज, मस्टररोल में हाजिरी और योजना के तहत नाली खोदाई के कार्य, लेकिन जब धरातल पर काम की बात आती है तो मजदूरों की मौजूदगी ही सवालों के घेरे में है। शहाबगंज विकासखंड के एकौना गांव में जी राम जी योजना के तहत नाली खोदाई के नाम पर कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि छह कार्यों के लिए 23 मस्टररोल जारी किए गए और 194 मजदूरों की हाजिरी ऑनलाइन दर्ज की गई, जबकि मौके पर एक भी मजदूर काम करता नहीं दिखाई दिया।

पोर्टल पर हाजिरी, जमीन पर मजदूर नदारद

योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार देना और गांवों में विकास कार्य कराना है, लेकिन एकौना में सामने आए आरोप इस व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। आरोप है कि नाली खोदाई का काम कागजों में दिखाया जा रहा है। इतना ही नहीं, काम पर नहीं आने वाले मजदूरों की भी ऑनलाइन हाजिरी अपडेट किए जाने की बात कही जा रही है। यदि जांच में यह सच साबित होता है तो मामला सामान्य लापरवाही तक सीमित नहीं रहेगा।

छह कार्यों का हिसाब कौन देगा

छह कार्यों के लिए 23 मस्टररोल और 194 मजदूरों की हाजिरी का आंकड़ा सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर काम कितना हुआ और मजदूर कहां काम कर रहे थे, क्या जिम्मेदारों ने कार्यस्थल का निरीक्षण किया, क्या ऑनलाइन हाजिरी का मौके पर मौजूद श्रमिकों से मिलान कराया गया, और यदि मजदूर मौके पर नहीं थे तो उनकी उपस्थिति किस आधार पर दर्ज हुई।

जांच हुई तो खुल सकता है पूरा खेल

अब निगाहें विकासखंड प्रशासन पर हैं। जरूरत है कि सभी छह कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराया जाए, मस्टररोल और ऑनलाइन उपस्थिति का मिलान हो तथा संबंधित भुगतान की जांच की जाए। जांच में अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई भी होनी चाहिए।

सवाल सीधा है जब मजदूर धरातल पर नहीं दिख रहे, तो पोर्टल पर उनकी हाजिरी कौन और किस आधार पर दर्ज कर रहा है, एकौना के ग्रामीणों को इस सवाल का जवाब जांच और कार्रवाई के जरिए मिलना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!