शहाबगंज: कागजों पर 1460 मजदूर, जमीन पर सन्नाटा! शहाबगंज में 44 कार्यों के लिए 163 मस्टररोल, धांधली के आरोपों से उठे जिम्मेदारों पर सवाल, CDO साहब करेंगे कार्रवाई

कागजों पर 1460 मजदूर, जमीन पर सन्नाटा!
शहाबगंज में 44 कार्यों के लिए 163 मस्टररोल, धांधली के आरोपों से उठे जिम्मेदारों पर सवाल
चंदौली। शहाबगंज विकासखंड में वीबी जी राम जी योजना की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विकासखंड के 24 गांवों में 44 कार्यों के लिए 163 मस्टररोल जारी कर कागजों पर 1460 मजदूरों की उपस्थिति दर्शाए जाने का दावा है, जबकि मौके पर कार्य और मजदूरों की स्थिति शून्य बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब धरातल पर काम ही नहीं हुआ तो कागजों में हजारों श्रम दिवस किस आधार पर दर्ज किए गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के क्रियान्वयन में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि बिना निगरानी और मिलीभगत के इतने बड़े पैमाने पर मस्टररोल जारी होने तथा मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज होने की प्रक्रिया संभव नहीं है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र जांच होना बाकी है।
मामले ने विकासखंड स्तर पर योजना की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में कागजों और मौके के आंकड़ों में अंतर की पुष्टि होती है तो फर्जी हाजिरी, बिना काम भुगतान और सरकारी धन के दुरुपयोग की जिम्मेदारी तय करना जरूरी होगा। सवाल यह भी है कि निरीक्षण और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों ने समय रहते स्थिति क्यों नहीं पकड़ी।
सीडीओ ने दिए जांच के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




